इछावर। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में भ्रष्टाचार के विरोध का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने जर्जर सड़क पर बैठकर मुंडन कराते हुए विरोध प्रदर्शन किया। मामला सीहोर से श्यामपुर तक बनी करीब 28 किलोमीटर लंबी सड़क का है, जिसे लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से एफडीआर तकनीक के जरिए तैयार किया गया था। निर्माण के समय दावा किया गया था कि यह सड़क कम लागत में ज्यादा मजबूत और लंबे समय तक टिकाऊ साबित होगी, लेकिन हैरानी की बात ये है कि सड़क निर्माण के महज एक साल के भीतर ही जगह-जगह से उखड़ने लगी और अब पूरी तरह बदहाल नजर आ रही है।
कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में भारी भ्रष्टाचार हुआ है और इसकी असलियत अब लोगों के सामने साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने सड़क पर बैठकर मुंडन कराते हुए कहा कि यह सिर्फ सड़क नहीं बल्कि भ्रष्टाचार की जीती-जागती निशानी बन चुकी है। उनका कहना है कि यह सड़क सीहोर शहर और ग्रामीण इलाकों को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क है, जहां से हर दिन हजारों लोग गुजरते हैं और शाजापुर-राजगढ़ जाने वाले लोगों के लिए भी यही मुख्य मार्ग है।
उन्होंने कहा कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। कई वाहन चालक सड़क पर गिरकर घायल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण एजेंसी पर अब तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई। पंकज शर्मा ने आरोप लगाया कि इस मामले में बड़े स्तर पर मिलीभगत हुई है, जिसकी वजह से दोषियों को बचाया जा रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि इससे पहले भी कई बार सड़क की गुणवत्ता को लेकर विरोध किया गया था, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अब उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण में हुई गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी बड़ा और उग्र आंदोलन करेगी।

