खंडवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील कर रहे हैं, वहीं मध्य प्रदेश के खंडवा में एक मंत्री का लंबा-चौड़ा काफिला अब राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है। धर्म, संस्कृति, अध्यात्म और पर्यटन मंत्री तथा खंडवा के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी 15 से ज्यादा वाहनों के काफिले के साथ नजर आए, जिसके बाद कांग्रेस ने इसे लेकर जोरदार विरोध शुरू कर दिया।
मामला उस वक्त और गरमा गया जब कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौड़ अपने समर्थकों के साथ मंत्री के काफिले का विरोध करने पहुंचने वाले थे। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और तीन थानों के टीआई समेत भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच तीखी बहस भी हुई।
बहस के बीच कांग्रेस नेता दीपक मुल्लू राठौड़ ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़ने लगे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर कोतवाली थाने पहुंचा दिया। हिरासत में लिए जाने के बाद राठौड़ ने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्हें मंत्री से मिलने तक नहीं दिया गया, जबकि वे सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी की पेट्रोल-डीजल बचत वाली अपील पर चर्चा करना चाहते थे।
कांग्रेस नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले समय में बीजेपी के सांसदों, मंत्रियों, विधायकों और महापौरों के काफिले रोके जाएंगे और उनसे पूछा जाएगा कि आखिर पीएम मोदी की अपील का पालन क्यों नहीं किया जा रहा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर सच में ईंधन बचाना है तो नेताओं को साइकिल से चलना चाहिए।
वहीं पूरे विवाद पर मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने सफाई देते हुए कहा कि काफिले में ज्यादा वाहन होने पर उन्होंने खुद कलेक्टर को संख्या कम करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने कहा कि जल्द ही सरकारी अमले में पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने को लेकर बैठक भी की जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर कई लोग एक ही दिशा में जा रहे हों तो अलग-अलग गाड़ियों की बजाय एक ही वाहन का उपयोग करें।
मंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब कांग्रेस को गंभीरता से नहीं लेती और हम भी कांग्रेस को गंभीरता से नहीं लेते।

