लखनऊ.प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा देशवासियों से पेट्रोल-डीजल का सीमित उपयोग करने, विदेश यात्राएं कम करने और एक साल तक सोना न खरीदने की अपील के बाद अब इस मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। सराफा कारोबारियों के विरोध प्रदर्शन के बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
दरअसल प्रधानमंत्री की अपील के बाद कई जगहों पर सराफा कारोबारियों ने बाजार बंद कर विरोध जताया। कारोबारियों का कहना है कि यदि लोग एक साल तक सोना खरीदना बंद कर देंगे तो इससे लाखों व्यापारियों, कारीगरों और सुनारों की रोजी-रोटी पर बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा।
इसी मुद्दे को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “ये कैसा अमृतकाल है, जिसमें सोने की चिड़िया भी सहमी हुई है।” उन्होंने कहा कि सराफा बाजार से जुड़े करोड़ों कारीगर, सुनार और व्यापारी आखिर अपना घर कैसे चलाएंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि क्या अब इन लोगों को अपनी रोजमर्रा की जरूरतें एक साल के लिए रोक देनी चाहिए या फिर सरकार उनके परिवारों का खर्च उठाएगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों का परिवार नहीं होता, वे शायद यह नहीं समझ सकते कि घर चलाना कितना मुश्किल होता है।
सपा प्रमुख ने आगे कहा कि देश की अर्थव्यवस्था पहले ही कमजोर दौर से गुजर रही है और भाजपा सरकार की नीतियों ने हालात और खराब कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार ने अर्थव्यवस्था को खोखला कर दिया है और आम लोगों की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि अब व्यापारी वर्ग भी समझने लगा है कि भाजपा सरकार उनके हित में काम नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि देशभर का व्यापारी समाज अब बदलाव चाहता है और भाजपा के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है।

