भोपाल में विवादित टिप्पणी पर बवाल, देर रात सड़क पर उतरा मुस्लिम समाज

भोपाल। राजधानी भोपाल में एक मुस्लिम युवक के साथ मारपीट और इस्लाम को लेकर कथित विवादित टिप्पणी किए जाने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के विरोध में देर रात बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। ओल्ड सिटी इलाके में लोगों ने प्रदर्शन करते हुए नामजद एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी भी की, जिससे इलाके में भारी तनाव का माहौल बन गया।

स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। बाद में विधायक आरिफ मसूद और विधायक आतिफ अकील मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी। काफी देर तक बातचीत के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और वापस लौट गए। इससे पहले दिन में भी बड़ी संख्या में लोगों ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया था।

दरअसल मामला गोविंदपुरा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक होटल में एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती को पकड़ा था। आरोप है कि युवक के साथ मारपीट की गई और इसी दौरान धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं। वहीं दूसरी ओर हिंदू संगठनों ने इसे लव जिहाद का मामला बताया।

जानकारी के मुताबिक युवती ने पुलिस को बयान में कहा कि वह युवक को पिछले पांच साल से जानती है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *