उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे उनके दोस्त उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। फिलहाल मौत की असली वजह सामने नहीं आई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चार डॉक्टरों का पैनल पोस्टमार्टम कर रहा है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।
इधर, इस दुखद खबर के बाद उत्तर प्रदेश से लेकर तमिलनाडु तक कई बड़े नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे बेहद दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और भगवान श्रीराम से दिवंगत आत्मा को शांति देने की प्रार्थना की। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी कहा कि यह समाचार अत्यंत पीड़ादायक है और ईश्वर परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करे।
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी अखिलेश यादव और पूरे परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि यह अपूरणीय क्षति है और इस दुख की घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं। वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी शोक संदेश जारी करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बताया जा रहा है कि अपर्णा यादव फिलहाल असम दौरे पर हैं और पति के निधन की सूचना मिलते ही लखनऊ के लिए रवाना हो गई हैं। पूरे परिवार और समर्थकों के बीच शोक का माहौल बना हुआ है।

