प्रतीक यादव की मौत पर बड़ा खुलासा: अस्पताल निदेशक ने बताई आखिरी सुबह की पूरी कहानी, पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे अखिलेश यादव, पुराने सोशल मीडिया पोस्ट ने भी बढ़ाई हलचल

समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव की मौत को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। सिविल हॉस्पिटल के निदेशक ने पहली बार आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि सुबह ड्राइवर अस्पताल पहुंचा और कहा कि “भैया की तबीयत अचानक खराब हो गई है।” इसके बाद डॉक्टर तुरंत घर पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने पर प्रतीक यादव के शरीर में कोई हलचल नहीं थी। बाद में उन्हें सिविल हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया।

सिविल अस्पताल के CMS देवेश चंद्र पांडे ने बताया कि सुबह करीब 5:30 से 5:45 बजे के बीच सूचना मिली थी और 5:55 बजे प्रतीक यादव को ICU में लाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों के मुताबिक मामला शुरुआती तौर पर संदिग्ध पॉइजनिंग जैसा लगा, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए KGMU भेजा गया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार प्रतीक यादव लंबे समय से फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे थे। कुछ दिन पहले उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद हालत में थोड़ा सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया था। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह बिष्ट उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे। उस वक्त अपर्णा यादव शहर से बाहर थीं।

इधर, छोटे भाई की मौत की खबर मिलते ही अखिलेश यादव सीधे KGMU पोस्टमार्टम हाउस के लिए रवाना हो गए। अस्पताल परिसर में भारी संख्या में समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता भी पहुंचने लगे। डॉक्टरों की टीम पोस्टमार्टम कर रही है ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।

इस बीच प्रतीक यादव का एक पुराना सोशल मीडिया पोस्ट भी फिर से चर्चा में आ गया है। कुछ महीने पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर निजी जिंदगी को लेकर एक भावुक पोस्ट साझा किया था, जिसमें अपर्णा यादव से तलाक जैसी बातें लिखी गई थीं। पोस्ट में परिवार और मानसिक स्थिति को लेकर गंभीर आरोप भी लगाए गए थे। हालांकि बाद में प्रतीक यादव ने खुद वीडियो जारी कर कहा था कि दोनों के बीच सब सामान्य है और विवाद को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि प्रतीक यादव की तबीयत खराब होने के दौरान अखिलेश यादव खुद भी उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। इलाज के बाद हालत में सुधार जरूर हुआ था, लेकिन बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और कुछ ही देर में पूरे यादव परिवार में मातम पसर गया। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *