“मंदिर किसी के डैडी का नहीं…” 200 गाड़ियों के काफिले संग पहुंचे BJP विधायक प्रीतम लोधी के बिगड़े बोल, पुजारियों को दी खुली चेतावनी, बयान पर बढ़ा विवाद

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। करेरा के प्रसिद्ध बगीचा सरकार हनुमान मंदिर में चल रहे महंत और पुजारी पक्ष के विवाद को सुलझाने पहुंचे विधायक ने ऐसा बयान दे दिया, जिसने सियासी माहौल गरमा दिया है। करीब 200 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे प्रीतम लोधी ने कहा, “मंदिर किसी के डैडी का नहीं है… यहां रावणगिरी नहीं चलेगी। राम राज्य चल रहा है। अभी हिंदी में समझा रहा हूं, अंग्रेजी में समझाना भी आता है।”

दरअसल करेरा के बगीचा सरकार हनुमान मंदिर में महंत पक्ष और राम जानकी मंदिर के पुजारी पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि मंदिर में कार्यक्रम को लेकर 21 लाख रुपये के दान और मंदिर की आय को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। इसी विवाद ने शनिवार रात हिंसक रूप ले लिया और मंदिर परिसर में जमकर लाठियां चलीं। घटना में पांच लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

इसी विवाद के बीच बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी भारी समर्थक दल और सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने महंत पक्ष का खुलकर समर्थन किया और इशारों-इशारों में पुजारी पक्ष पर निशाना साधा। उनके बयान के बाद अब राजनीतिक विवाद गहराने लगा है। विपक्ष इसे समाजों के बीच तनाव बढ़ाने वाला बयान बता रहा है।

बताया जा रहा है कि पुजारी पक्ष ब्राह्मण समाज से जुड़ा है, जबकि महंत पक्ष गुर्जर समाज से संबंधित है। ऐसे में विधायक के बयान को सामाजिक और राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। खास बात यह है कि करेरा क्षेत्र से बीजेपी विधायक रमेश खटीक हैं, लेकिन उन्होंने अब तक इस पूरे विवाद पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। वहीं बीजेपी के दूसरे स्थानीय नेताओं की चुप्पी भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

अब सवाल यह उठ रहा है कि मंदिर विवाद को शांत कराने पहुंचे विधायक के बयान से मामला शांत होगा या फिर नया विवाद खड़ा होगा। सोशल मीडिया पर भी प्रीतम लोधी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *