समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के निधन से पूरा यादव परिवार गहरे सदमे में है। भाई की मौत पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि “प्रतीक का हमारे बीच नहीं रहना बेहद दुखद है। कुछ दिन पहले ही मेरी उनसे मुलाकात हुई थी। मैंने उन्हें अपनी सेहत का ध्यान रखने और कारोबार पर फोकस करने की सलाह दी थी।”
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रतीक जीवन में आगे बढ़कर काम करना चाहते थे। कारोबार को लेकर वह काफी गंभीर रहते थे, लेकिन नुकसान और तनाव इंसान को अंदर से तोड़ देता है। मैंने उनसे कहा था कि सबसे पहले अपने शरीर और स्वास्थ्य का ध्यान रखें। लेकिन आज उनका यूं अचानक चले जाना पूरे परिवार के लिए बड़ा आघात है।
इधर, भाई के निधन की खबर मिलते ही अखिलेश यादव सीधे KGMU पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम पोस्टमार्टम कर रही है। बताया जा रहा है कि सिविल हॉस्पिटल में शुरुआती जांच के दौरान मामला संदिग्ध लगने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। डॉक्टरों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।
जानकारी के मुताबिक प्रतीक यादव पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। कुछ समय पहले उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस दौरान अखिलेश यादव खुद अस्पताल पहुंचकर उनसे मिले थे। इलाज के बाद हालत में थोड़ा सुधार हुआ और उन्हें घर भेज दिया गया था, लेकिन बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई।
सूत्रों के अनुसार सुबह करीब 6 बजे उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे यादव परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल सभी की नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

