PM मोदी की अपील के बाद बदला CM मोहन यादव का काफिला, अब सिर्फ गिनी-चुनी गाड़ियों के साथ निकले मुख्यमंत्री, वायरल Video ने सबको चौंकाया

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील का असर अब मध्यप्रदेश में भी साफ दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा फैसला लेते हुए अपने काफिले में चलने वाली गाड़ियों की संख्या कम कर दी है। अब मुख्यमंत्री के कारकेड में महज 8 गाड़ियां ही शामिल होंगी। फैसले के दूसरे ही दिन मुख्यमंत्री के नए कारकेड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि पहले के मुकाबले काफिले में गाड़ियों की संख्या काफी कम हो गई है।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल बढ़ाने और कारपूलिंग अपनाने की अपील की थी। पीएम की इसी अपील को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तुरंत अपने काफिले को छोटा करने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार राष्ट्रहित में ईंधन की बचत के लिए प्रतिबद्ध है और अब सुरक्षा की दृष्टि से जरूरी न्यूनतम वाहन ही कारकेड में शामिल किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने यह भी साफ किया कि किसी भी दौरे के दौरान अब वाहन रैली नहीं निकाली जाएगी। साथ ही उन्होंने राज्य के मंत्रियों से भी कम गाड़ियों के इस्तेमाल की अपील की है। मुख्यमंत्री ने जनता से भी आग्रह किया कि जितना संभव हो पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें और ईंधन बचाने में सहयोग दें।

फैसले के बाद जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नरसिंहपुर जिले के दौरे पर निकले, तो उनके काफिले में गिनी-चुनी गाड़ियां ही दिखाई दीं। इस पूरे कारकेड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इसे पीएम मोदी की अपील पर त्वरित अमल का उदाहरण बता रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा था कि लोग पेट्रोल-डीजल का कम इस्तेमाल करें, सार्वजनिक परिवहन और कारपूलिंग अपनाएं, विदेशी उत्पादों की जगह स्वदेशी चीजों का उपयोग करें और गैर जरूरी विदेश यात्राओं से बचें। इसके अलावा किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने और लोगों से जरूरत के हिसाब से ही खाद्य तेल इस्तेमाल करने की भी अपील की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *