भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां एक तरफ देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाने और संसाधनों का संयमित उपयोग करने की अपील कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मध्यप्रदेश के भिंड में बीजेपी नेता के स्वागत में निकला गाड़ियों का लंबा काफिला अब बड़ी कार्रवाई की वजह बन गया है। भाजपा किसान मोर्चा के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव के प्रथम भिंड आगमन पर करीब 50 से ज्यादा गाड़ियों का विशाल काफिला निकाला गया। ग्वालियर से भिंड तक सड़कों पर शक्ति प्रदर्शन का यह नजारा देखने को मिला, जिससे कई जगहों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घंटों तक लोग जाम में फंसे रहे, जबकि समर्थक गाड़ियों के साथ नेता के स्वागत में जुटे रहे।
पूरा मामला ऐसे समय में सामने आया है जब देशभर में ईंधन बचाने को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद सीमित वाहनों के साथ नजर आए थे और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मंत्रियों और नेताओं से कम गाड़ियों के इस्तेमाल की अपील कर चुके हैं। इसके बावजूद भिंड में निकले इस बड़े काफिले ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा संगठन ने मामले को गंभीरता से लिया और बड़ी कार्रवाई करते हुए सज्जन सिंह यादव की नियुक्ति निरस्त कर दी। जारी आदेश में साफ कहा गया कि ग्वालियर से भिंड तक सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ रैली निकालना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा बचत संबंधी अपील की अवहेलना है। संगठन ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए सज्जन सिंह यादव को किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पद से हटा दिया। अब यह मामला प्रदेश की राजनीति में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।

