भोपाल। मध्य प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा मंडल ने द्वितीय परीक्षा की तारीखों में बड़ा बदलाव किया है। CUET-UG 2026 परीक्षा को ध्यान में रखते हुए कई विषयों की परीक्षाएं आगे बढ़ा दी गई हैं। मंडल की ओर से जारी नए आदेश के मुताबिक अकाउंटेंसी, गृह विज्ञान और कृषि विषय की परीक्षाएं अब नई तारीख पर आयोजित होंगी। वहीं गणित और मनोविज्ञान विषय का पेपर भी बदले हुए शेड्यूल के अनुसार कराया जाएगा। इस फैसले के बाद सभी स्कूलों को संशोधित समय सारणी भेज दी गई है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के अनुसार 14 मई 2026 को होने वाली कृषि, गृह विज्ञान और अकाउंटेंसी विषयों की परीक्षाएं अब 19 मई 2026 को आयोजित की जाएंगी। वहीं 21 मई को होने वाला गणित और मनोविज्ञान का पेपर अब 26 मई 2026 को लिया जाएगा। परीक्षा का समय पहले की तरह सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा।
बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे संशोधित परीक्षा कार्यक्रम को ध्यान से देखें और उसी के अनुसार अपनी तैयारी करें। छात्र मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भी नया शेड्यूल देख सकते हैं। बताया जा रहा है कि कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट यानी CUET-UG 2026 की परीक्षाओं के कारण यह बदलाव किया गया है, ताकि छात्रों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

