ब्राह्मण समाज पर कथित अभद्र टिप्पणी करने के मामले में समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब उनके खिलाफ नोएडा के थाना सेक्टर-24 में एक और मामला दर्ज किया गया है। यह शिकायत राष्ट्रीय परशुराम परिषद की ओर से की गई है। ब्राह्मण समाज के लोगों ने प्रदर्शन के बाद थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराया। इससे पहले गाजियाबाद में भी उनके खिलाफ FIR दर्ज हो चुकी है।
पूरा मामला सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सोशल मीडिया पर भी इस बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। भाजपा नेताओं और ब्राह्मण संगठनों ने इस टिप्पणी को समाज का अपमान बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि राजकुमार भाटी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह एक कार्यक्रम के दौरान ब्राह्मण समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही ब्राह्मण संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक 5 मई को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजकुमार भाटी ने एक मुहावरा सुनाते हुए ब्राह्मण समाज पर विवादित टिप्पणी की थी। वीडियो सामने आने के बाद वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन समेत कई संगठनों ने नाराजगी जाहिर की और सपा पर हमला बोला। भाजपा नेताओं ने भी इस बयान को लेकर समाजवादी पार्टी के चरित्र पर सवाल खड़े किए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं इस विवाद के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है।

