ग्वालियर की बेटी का कमाल! नंदिता शर्मा भारतीय महिला सॉफ्ट हॉकी टीम में चयनित, अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

 ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर की बेटी नंदिता शर्मा ने प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। नंदिता का चयन भारतीय महिला सॉफ्ट हॉकी टीम में हुआ है और अब वह नेपाल में आयोजित होने वाली पहली साउथ एशियन सॉफ्ट हॉकी चैंपियनशिप 2026 में देश का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी। यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि पहली बार मध्यप्रदेश की किसी खिलाड़ी को भारतीय सॉफ्ट हॉकी टीम में जगह मिली है।

नेपाल की राजधानी काठमांडू में 20 मई से 22 मई तक आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में भारत, पाकिस्तान, भूटान और मेजबान नेपाल की टीमें हिस्सा लेंगी। इस बड़ी प्रतियोगिता के लिए ग्वालियर की होनहार खिलाड़ी नंदिता शर्मा का चयन भारतीय महिला टीम में किया गया है।

मध्यप्रदेश एमेच्योर सॉफ्ट हॉकी एसोसिएशन के सचिव और एनआईएस हॉकी प्रशिक्षक अविनाश भटनागर ने बताया कि नंदिता ग्वालियर के दर्पण हॉकी फीडर सेंटर की खिलाड़ी हैं और उन्होंने उनके मार्गदर्शन में लगातार प्रशिक्षण लिया है। उन्होंने कहा कि यह पूरे मध्यप्रदेश के लिए ऐतिहासिक पल है और उम्मीद है कि नंदिता अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश दोनों का नाम रोशन करेंगी।

अब ग्वालियर की बेटी नंदिता शर्मा भारतीय महिला सॉफ्ट हॉकी टीम की जर्सी पहनकर अंतरराष्ट्रीय मैदान में उतरेंगी, जिसे लेकर पूरे प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *