लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने रायबरेली में महानायक वीरा पासी की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद पासी समाज को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री Narendra Modi और BJP-RSS पर जोरदार हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और आने वाला समय बेहद कठिन हो सकता है।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता से कहते हैं कि सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ और इलेक्ट्रिक गाड़ियों का इस्तेमाल करो, लेकिन खुद हजारों करोड़ के विमान से विदेश यात्राएं करते हैं। उन्होंने दावा किया कि देश में आर्थिक तूफान आने वाला है, महंगाई बढ़ेगी, खाद की कमी होगी और आम जनता सबसे ज्यादा परेशान होगी।
सभा के दौरान राहुल गांधी ने BJP और RSS पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जब भी BJP-RSS के लोग आपके सामने आएं और नरेंद्र मोदी या अमित शाह की बात करें, तो उनसे खुलकर कहिए कि “नरेंद्र मोदी और अमित शाह गद्दार हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि BJP-RSS ने संविधान, महात्मा गांधी, डॉ भीमराव अंबेडकर और वीरा पासी जैसे महापुरुषों के विचारों पर हमला किया है।
राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी वोट चोरी करवाते हैं, मनरेगा को कमजोर करते हैं, जातिगत जनगणना नहीं करवाते और देश को अंबानी-अडानी के हवाले कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब संविधान पर हमला है और इसलिए संविधान की रक्षा करना देशवासियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में महंगाई इतनी बढ़ सकती है, जैसी देश ने पहले कभी नहीं देखी होगी। तेल, गैस और खाद की सप्लाई प्रभावित हो सकती है, जिससे किसानों और आम लोगों की मुश्किलें बढ़ेंगी। राहुल गांधी ने कहा कि इस आर्थिक संकट का असर बड़े उद्योगपतियों या सत्ता में बैठे लोगों पर नहीं पड़ेगा, बल्कि इसका सबसे बड़ा झटका आम जनता को लगेगा।

