‘गद्दार’ बयान पर सियासी संग्राम! राहुल गांधी पर भड़के केशव मौर्य, बोले- राजनीति में छिपा ‘अर्बन नक्सलवाद’ देश के लिए बड़ा खतरा

लखनऊ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर राहुल गांधी के दिए गए बयान के बाद देश की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। बीजेपी लगातार कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमलावर है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी राहुल गांधी पर जोरदार पलटवार करते हुए बड़ा बयान दिया है।

केशव मौर्य ने कहा कि कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को ‘गद्दार’ कहना अक्षम्य अपराध है। उन्होंने कहा कि देश भले ही नक्सलवाद से काफी हद तक मुक्त हो चुका हो, लेकिन राजनीति में छिपा ‘अर्बन नक्सलवाद’ अब भी लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि लोकतंत्र की आड़ में सेना, संवैधानिक संस्थाओं और राष्ट्रवादी विचारधारा को बदनाम करने की कोशिश करने वालों को देश की जनता पहले भी जवाब दे चुकी है और आगे भी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि है और राजनीति बाद में आती है।

दरअसल राहुल गांधी ने रायबरेली में एक कार्यक्रम के दौरान बीजेपी, आरएसएस, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर तीखा हमला बोला था। राहुल गांधी ने कहा था कि जब भी BJP-RSS के लोग आपके सामने आएं और नरेंद्र मोदी-अमित शाह की बात करें तो उनसे खुलकर कहिए कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह गद्दार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस ने देश को बेचने का काम किया है और संविधान, गांधी जी, बाबा साहेब अंबेडकर और वीरा पासी के विचारों पर हमला किया है।

राहुल गांधी के इस बयान के बाद बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया है और इसे लोकतांत्रिक मर्यादा के खिलाफ बताया जा रहा है। वहीं अब इस बयान को लेकर सियासी बयानबाजी लगातार बढ़ती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *