मध्यप्रदेश में कार्बाइड गन और अन्य खतरनाक हथियारों से कई लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है। अब सरकार ने ऐसे हथियारों की ऑनलाइन बिक्री और बनाने की विधि बताने वालों पर बड़ा एक्शन लेने की तैयारी शुरू कर दी है। कार्बाइड गन जैसी प्रतिबंधित वस्तुओं पर अब पूरी तरह से लगाम लगाई जाएगी।
राज्य में आधा सैकड़ा से ज्यादा वेबसाइट्स इन हथियारों को लोगों तक पहुंचा रही हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर सैकड़ों वीडियो उपलब्ध हैं, जो घर पर इसे बनाने की विधि दिखाते हैं। ये हथियार न तो कानूनी हैं और न ही सुरक्षित। अब पुलिस प्रशासन और साइबर टीम इन वेबसाइट्स और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। सरकार के निर्देश पर ऐसे सभी प्लेटफॉर्म तुरंत बंद किए जाएंगे, जो कार्बाइड गन जैसी प्रतिबंधित वस्तु की बिक्री या निर्माण की जानकारी साझा करते हैं।
साइबर एक्सपर्ट्स लगातार चौकस हैं। सोशल मीडिया और यूट्यूब पर ऐसे वीडियो और कंटेंट पर भी रोक लगाई जाएगी। कोई भी व्यक्ति इसे शेयर करता है, तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी। सभी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की निगरानी की जा रही है, ताकि अवैध हथियारों की बिक्री और निर्माण की जानकारी फैलने से रोकी जा सके।
सरकार का यह कदम समाज में बढ़ते अवैध हथियारों के इस्तेमाल को रोकने के लिए एक अहम पहल माना जा रहा है। अब यह देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ऐसी गैरकानूनी गतिविधियां कितनी जल्दी पूरी तरह बंद हो जाती हैं।

