उत्तर प्रदेश के Meerut से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग बच्ची की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बच्ची के मामा ने पिता और सौतेली मां पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
यह मामला भावनपुर थाना क्षेत्र की गोकुलधाम सोसाइटी का बताया जा रहा है। आरोप है कि बच्ची खुशबू की मौत के बाद परिवार ने आनन-फानन में उसका अंतिम संस्कार कर दिया, जिससे शक और गहरा गया।
जानकारी के मुताबिक कपिल शर्मा नाम के युवक की शादी साल 2009 में हापुड़ निवासी प्रीति से हुई थी। इस शादी से उनके दो बच्चे हुए, एक बेटा और एक बेटी खुशबू।
बताया जा रहा है कि साल 2017 में प्रीति की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पत्नी की मौत के करीब छह महीने बाद कपिल ने पिंकी नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली।
अब खुशबू के मामा भूपेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया है कि दूसरी शादी के बाद कपिल का व्यवहार पूरी तरह बदल गया था और वह अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर बच्चों को प्रताड़ित करता था।
मामा का कहना है कि खुशबू के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी और उसने कई बार मदद की गुहार भी लगाई थी।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि पिता कपिल शर्मा और उसकी दूसरी पत्नी पिंकी ने मिलकर खुशबू की हत्या की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और बच्ची की मौत से जुड़े हर पहलू को खंगाला जा रहा है।

