जीरो टॉलरेंस का दावा फेल! कानून व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव का योगी सरकार पर बड़ा हमला

लखनऊ.समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट और बलात्कार जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि राजधानी लखनऊ तक में दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं और अपराधियों में पुलिस का कोई डर नहीं बचा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का “जीरो टॉलरेंस” का दावा अब पूरी तरह जीरो साबित हो चुका है। अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि सरकार सिर्फ दावे कर रही है। उन्होंने लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में रियल एस्टेट कारोबारी की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि गाजियाबाद से लेकर गाजीपुर तक हर दिन कई हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में असली अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है, जबकि निर्दोष लोगों को राजनीतिक कारणों से फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से प्रदेश की कानून व्यवस्था लगातार खराब होती जा रही है। महोबा की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कहीं बकरी चराने गए व्यक्ति का शव कुएं में मिल रहा है तो कहीं खेत में सो रहे किसान की हत्या हो रही है।

उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध के मामलों में उत्तर प्रदेश देश में सबसे ऊपर है। दलित उत्पीड़न की घटनाओं में भी प्रदेश लगातार नंबर वन बना हुआ है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपराधियों पर कार्रवाई में भेदभाव कर रही है और सत्ता संरक्षण मिलने से दबंगों का मनोबल बढ़ गया है।

सपा प्रमुख ने कहा कि जब तक भाजपा सरकार सत्ता में रहेगी, तब तक अपराध खत्म नहीं होंगे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था और जनता की सुरक्षा तभी बेहतर होगी जब भाजपा सरकार सत्ता से बाहर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *