‘पहले इन्वेस्टर्स आने से डरते थे…’ राजनाथ सिंह ने की योगी सरकार की तारीफ, बोले- यूपी की बदली तस्वीर

लखनऊ। लखनऊ में नौसेना शौर्य वाटिका के लोकार्पण समारोह के दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के विकास और कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि नौसेना शौर्य वाटिका का उद्घाटन सिर्फ लखनऊ या उत्तर प्रदेश के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उनका विश्वास है कि आने वाले समय में यह स्थल युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा और लखनऊ की एक नई पहचान के रूप में उभरेगा।

अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। एक समय था जब प्रदेश की पहचान खराब कानून-व्यवस्था और गुंडाराज से होती थी, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश मानता है कि उत्तर प्रदेश ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर के जरिए उत्तर प्रदेश भारत को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि कभी प्रदेश को माफियाओं और अपराधियों के प्रभाव के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यह छवि अतीत की बात बन चुकी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में जो बदलाव दिखाई दे रहा है, वह मजबूत नेतृत्व और प्रभावी प्रशासन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस तरह बिगड़ी हुई कानून-व्यवस्था को संभाला, वह वास्तव में प्रशंसनीय है। पहले निवेशक उत्तर प्रदेश आने से घबराते थे, लेकिन आज वही प्रदेश निवेश और उद्योग का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ अब केवल अपनी तहजीब, संस्कृति और अदब के लिए ही नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और सैन्य गौरव के प्रतीक के रूप में भी पहचाना जाएगा। नौसेना शौर्य वाटिका इसी भावना को और मजबूत करेगी।

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास की असली नींव सुरक्षा और कानून-व्यवस्था होती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में आए दिन कर्फ्यू लगते थे और माफियाओं तथा अपराधियों का आतंक आम लोगों के जीवन को प्रभावित करता था। लेकिन आज प्रदेश में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के कारण विकास योजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सेनाएं हर परिस्थिति में सीमाओं की रक्षा करती हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखे। उन्होंने कहा कि जब कोई राष्ट्र सुरक्षा के मोर्चे पर मजबूत होता है, तभी दुनिया भी उसका सम्मान करती है। कमजोर राष्ट्रों की बात कोई नहीं सुनता।

योगी आदित्यनाथ ने भारतीय परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति हमें शांति का संदेश देती है, लेकिन जब देश और समाज की सुरक्षा का प्रश्न हो, तब आवश्यक कदम उठाना भी उतना ही जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और विकास एक-दूसरे के पूरक हैं और उत्तर प्रदेश इसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *