खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के भैरूघाट क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नर्मदा-शिप्रा पाइपलाइन अचानक फट गई। पाइपलाइन में हुए भीषण रिसाव के चलते करीब 40 फीट ऊंचाई तक पानी का विशाल फव्वारा उठने लगा। देखते ही देखते पूरे इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए और आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पाइपलाइन फूटते ही तेज दबाव के साथ पानी बाहर निकलने लगा और कुछ ही मिनटों में आसपास का क्षेत्र जलमग्न हो गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि कई घर इसकी चपेट में आ गए। लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और घरों में रखा कीमती सामान पानी के साथ बहने लगा। कई परिवारों के फ्रिज, टीवी, कूलर और अन्य घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गए या तेज बहाव में बह गए।
घटना के कारण क्षेत्र में भारी नुकसान की खबर है। कुछ स्थानीय लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। वहीं भैरूघाट स्थित एक निजी होटल को भी पानी के तेज बहाव से काफी नुकसान पहुंचा है। अचानक आई इस स्थिति ने पूरे इलाके को संकट में डाल दिया और लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा।
मामले की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए सबसे पहले पानी की सप्लाई रोकने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने की भी कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि इतनी महत्वपूर्ण और मजबूत पाइपलाइन आखिर अचानक कैसे फट गई। प्रशासन का कहना है कि तकनीकी विशेषज्ञों की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पाइपलाइन फूटने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। तब तक भैरूघाट के लोग इस अप्रत्याशित आपदा से हुए नुकसान का आकलन करने में जुटे हुए हैं।

