लखनऊ.उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। इसी बीच धनराज मौर्य और सूर्या चौहान हत्याकांड को लेकर सियासत तेज हो गई है। दोनों मामलों को लेकर राजनीतिक दल आमने-सामने हैं और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस मुद्दे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है।
पंकज चौधरी ने कहा कि बलरामपुर में धनराज मौर्य और गाजियाबाद में सूर्या चौहान की दर्दनाक हत्या ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। लेकिन इन घटनाओं पर कुछ राजनीतिक दलों की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोटबैंक की राजनीति के कारण कुछ लोग ऐसे मामलों पर खुलकर बोलने से बच रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जो लोग न्याय, समानता और इंसानियत की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, वे आज राजनीतिक स्वार्थ के चलते मौन दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि संवेदनाएं किसी जाति, धर्म या समुदाय के आधार पर नहीं बंटनी चाहिए, लेकिन दुर्भाग्य से कुछ दलों का रवैया अलग तस्वीर पेश कर रहा है।
अपने बयान में पंकज चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब सब कुछ देख और समझ रही है। जनता यह भी देख रही है कि कौन हर घटना पर समान रूप से आवाज उठाता है और कौन राजनीतिक लाभ-हानि देखकर प्रतिक्रिया देता है। उन्होंने दावा किया कि समय आने पर जनता ऐसे दोहरे रवैये का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
धनराज मौर्य और सूर्या चौहान हत्याकांड अब सिर्फ कानून-व्यवस्था का मामला नहीं रह गया है, बल्कि यह प्रदेश की राजनीति का बड़ा मुद्दा बन चुका है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मामले पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

