दिनदहाड़े लूट से दहला डबरा! AC मिस्त्री बनकर आए बदमाश, महिला को बंधक बनाकर लाखों की नकदी और जेवर लेकर फरार

डबरा। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में दिनदहाड़े हुई लूट की एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। सचदेवा कॉलोनी में दो नकाबपोश बदमाश AC मिस्त्री बनकर एक घर में पहुंचे और देखते ही देखते घर में मौजूद महिला को बंधक बनाकर लाखों रुपये की नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक घटना के समय घर में पिंकी श्रीवास्तव अकेली थीं। दोपहर करीब 3 बजे बाइक पर सवार दो युवक घर पहुंचे और खुद को AC मिस्त्री बताते हुए गेट खुलवाने की कोशिश करने लगे। जब महिला ने उन्हें अंदर आने से मना किया, तो आरोप है कि दोनों जबरन घर में घुस गए और हथियार दिखाकर महिला को डराने लगे।

पीड़िता के अनुसार बदमाशों ने उसकी कनपटी पर पिस्टल लगा दी और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की। इसके बाद दोनों आरोपियों ने घर में रखी अलमारी को खंगाला और उसमें रखी करीब 4 लाख रुपये की नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवर समेट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर में रखी नकदी और आभूषण परिवार की एक शादी की तैयारी के लिए रखे गए थे। पीड़ित परिवार का कहना है कि बेटी की शादी के लिए जमा किए गए पैसे और जेवरात बदमाश अपने साथ ले गए।

वारदात के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और बदमाशों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है।

दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं स्थानीय लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *