इंदौर से लैटिन अमेरिका तक व्यापार की नई उड़ान: CM मोहन यादव ने दुनिया को दिखाईं मध्य प्रदेश की ताकतें, निवेशकों को दिया बड़ा न्योता

इंदौर। भारत-लैटिन अमेरिका और कैरेबियन व्यापार एवं निवेश मंच के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश को वैश्विक निवेश और व्यापार का उभरता हुआ केंद्र बताते हुए दुनिया भर के निवेशकों को प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और मध्य प्रदेश इस विकास यात्रा का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर केवल देश का सबसे स्वच्छ शहर ही नहीं बल्कि स्वाद, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि भोपाल भले ही राजनीतिक राजधानी हो, लेकिन आर्थिक दृष्टि से इंदौर मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विदेशी मेहमानों को इंदौर की प्रसिद्ध 56 दुकान और सराफा बाजार की पहचान से भी रूबरू कराया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने मालवा की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर, सम्राट विक्रमादित्य, सम्राट अशोक और राजा भोज जैसे महान शासकों की कर्मभूमि रही है। उन्होंने कहा कि सदियों पहले सिल्क रूट के माध्यम से मालवा का दुनिया के कई देशों से व्यापारिक संबंध था और आज भी यह क्षेत्र व्यापारिक संभावनाओं का मजबूत केंद्र है।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत और लैटिन अमेरिकी देशों के बीच भले ही भौगोलिक दूरी हो, लेकिन संस्कृति, परंपरा, उत्सव, संगीत और जनजातीय जीवन मूल्यों में काफी समानताएं हैं, जो दोनों क्षेत्रों को स्वाभाविक रूप से एक-दूसरे के करीब लाती हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2026 में मध्य प्रदेश का लैटिन अमेरिका और कैरेबियन देशों के साथ निर्यात बढ़कर लगभग 3,835 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो करीब 19 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग उत्पाद, प्लास्टिक, कृषि आधारित उत्पाद और विनिर्माण क्षेत्र प्रदेश की प्रमुख निर्यात ताकत बन चुके हैं।

उन्होंने कहा कि इंदौर और पीथमपुर आज वैश्विक स्तर पर फार्मास्यूटिकल और औद्योगिक हब के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। मध्य प्रदेश में निर्मित दवाइयां ब्राजील, पेरू सहित कई देशों तक पहुंच रही हैं, जबकि पीथमपुर ऑटोमोबाइल और इंजीनियरिंग उद्योग का बड़ा केंद्र बनकर उभरा है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आईटी और स्टार्टअप क्षमता का जिक्र करते हुए कहा कि इंदौर देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे आईटी और स्टार्टअप हब में शामिल है। वर्तमान में मध्य प्रदेश में छह हजार से अधिक स्टार्टअप संचालित हो रहे हैं, जिनमें 45 प्रतिशत से अधिक महिलाओं द्वारा संचालित किए जा रहे हैं।

कृषि और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को लेकर उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश के अग्रणी कृषि राज्यों में शामिल है। सोयाबीन, गेहूं और अन्य कृषि उत्पादों के साथ-साथ फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में भी प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है और अर्जेंटीना व ग्वाटेमाला जैसे देशों के साथ सहयोग की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

ग्रीन एनर्जी और खनिज संपदा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है। चिली और पेरू जैसे देशों के साथ खनिज क्षेत्र तथा अन्य देशों के साथ ऊर्जा क्षेत्र में साझेदारी को और मजबूत किया जा सकता है। प्रदेश स्वच्छ और हरित ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में भी तेजी से प्रगति कर रहा है।

निवेशकों को आमंत्रित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के पास लगभग सवा लाख एकड़ का लैंड बैंक उपलब्ध है। पांच लाख किलोमीटर से अधिक सड़क नेटवर्क, आधुनिक रेल और हवाई कनेक्टिविटी, पर्याप्त पानी और बिजली जैसी सुविधाएं उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करती हैं। प्रदेश की कुल विद्युत उत्पादन क्षमता 31 हजार मेगावॉट से अधिक है, जिसमें 30 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा स्वच्छ ऊर्जा का है।

उन्होंने बताया कि आने वाले पांच वर्षों में प्रदेश में छह बड़े औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे। मालवा, बुंदेलखंड, निमाड़ और विंध्य क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाकर औद्योगिक विकास को नई गति दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश उद्योगों के लिए देश के सबसे सुरक्षित और शांत राज्यों में शामिल है। यहां कानून व्यवस्था मजबूत है, श्रमिक विवाद बेहद कम हैं और निवेशकों को अनुकूल वातावरण मिलता है। उन्होंने विश्वास जताया कि जो निवेशक एक बार मध्य प्रदेश आता है, वह इस प्रदेश से हमेशा के लिए जुड़ जाता है।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुनिया के देशों को साझेदारी का संदेश देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश व्यापार, निवेश, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक सहयोग के लिए पूरी तरह तैयार है और आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय व्यापार का एक भरोसेमंद केंद्र बनकर उभरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *