रघु ठाकुर का बड़ा हमला: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर उठाए सवाल, मदरसे से बच्चों के लापता होने की CBI जांच की मांग

ग्वालियर। समाजवादी चिंतक और लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघु ठाकुर ने देश की मौजूदा राजनीति, शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक मुद्दों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कई बड़े सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने अमेरिका से दिल्ली पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके को लेकर कहा कि यह कोई सामान्य राजनीतिक बदलाव नहीं है, बल्कि एक कॉरपोरेट कूप और सुनियोजित राजनीतिक प्रयोग का हिस्सा दिखाई देता है।

रघु ठाकुर ने सोशल मीडिया पर तेजी से बढ़ते फॉलोअर्स को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वे पिछले छह दशकों से राजनीति में सक्रिय हैं, लेकिन उनके हजारों फॉलोअर्स भी नहीं बने, जबकि कुछ लोग एक ही दिन में लाखों फॉलोअर्स हासिल कर लेते हैं। उनके मुताबिक यह सब कॉर्पोरेट ताकत और बड़े आर्थिक संसाधनों का खेल नजर आता है। उन्होंने ‘जेन जी’ यानी नई युवा पीढ़ी के नाम पर होने वाले राजनीतिक प्रयोगों का जिक्र करते हुए कहा कि बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल जैसे देशों में हुए बदलावों के बाद वहां के हालात आज चिंताजनक बने हुए हैं।

मंदसौर के एक मदरसे से करीब सौ बच्चों के लापता होने की आशंका पर भी रघु ठाकुर ने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में बच्चों के गायब होने की खबर बेहद संवेदनशील और गंभीर है। इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए और जिन अधिकारियों ने मदरसे को अनुमति दी या समय-समय पर निगरानी नहीं की, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी को लेकर उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से एक समान नागरिक कानून के समर्थक रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि यूसीसी का पूरा आधिकारिक दस्तावेज सार्वजनिक किया जाए ताकि देशभर में इस विषय पर तथ्यात्मक और सार्थक चर्चा हो सके।

नीट परीक्षा में सामने आई गड़बड़ियों और विवादों पर भी रघु ठाकुर ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही खामियां सरकार की बड़ी विफलता को दर्शाती हैं। उनका मानना है कि इस पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री को अपने संवाद कार्यक्रमों में इस मुद्दे पर खुलकर बात करनी चाहिए, क्योंकि परीक्षा संबंधी तनाव का असर लाखों छात्रों पर पड़ रहा है।

मध्यप्रदेश में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर भी रघु ठाकुर ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर चल रही अंतर्कलह भाजपा को राजनीतिक अवसर दे रही है। हालांकि कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन को उन्होंने पढ़ी-लिखी, अनुभवी और सकारात्मक सोच वाली उम्मीदवार बताया।

पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए रघु ठाकुर ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के भीतर जो असंतोष दिखाई दे रहा है, वह ममता बनर्जी के खिलाफ नहीं बल्कि परिवारवाद के खिलाफ बढ़ती नाराजगी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में परिवारवाद के खिलाफ उठने वाली आवाजों का स्वागत होना चाहिए और राजनीतिक दलों को इस संदेश को गंभीरता से लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *