सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। खुरई ग्रामीण थाना क्षेत्र के सहोदरा बाई राय वार्ड में एक मां ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। इस हृदयविदारक घटना में महिला की मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
मृतक महिला की पहचान आरती तिवारी के रूप में हुई है। वहीं उनके दो बच्चे, 10 वर्षीय प्रियांश तिवारी और 12 वर्षीय दिव्या तिवारी गंभीर रूप से बीमार हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल खुरई सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें सागर रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान आरती तिवारी ने दम तोड़ दिया, जबकि दोनों बच्चों को बचाने के लिए डॉक्टर लगातार प्रयास कर रहे हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार बच्चों की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, आरती तिवारी के पति सत्यजीत तिवारी न्यायालय परिसर स्थित हनुमान मंदिर में पुजारी थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने भी दो दिन पहले जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। पति की अचानक मौत के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में था और इसी बीच यह दूसरी दुखद घटना सामने आ गई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य सत्यजीत तिवारी की अस्थियों के विसर्जन के लिए बरमान गए हुए थे। इसी दौरान घर में मौजूद आरती तिवारी ने अपने दोनों बच्चों के साथ यह खौफनाक कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों ने महिला को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर किया। साथ ही पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
फिलहाल इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। एक ही परिवार में कुछ ही दिनों के भीतर हुई इन दो घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे दोनों मासूम बच्चों की सेहत पर टिकी हुई हैं।

