दिल दहला देने वाली घटना: नवविवाहित दंपति ने खाया जहर, दोनों की मौत से खुशियों भरे घर में पसरा मातम

पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। धरमपुर थाना क्षेत्र के भखुरी गांव में एक नवविवाहित दंपति ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। अस्पताल पहुंचने से पहले और इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम का माहौल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर हंसी-खुशी भोजन कर रहे थे। भोजन के बाद 25 वर्षीय सागर यादव और उनकी 23 वर्षीय पत्नी श्याम कली अपने कमरे में सोने चले गए। सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन कुछ देर बाद कमरे से चीखने-चिल्लाने और उल्टियां होने की आवाजें आने लगीं।

परिजन जब कमरे में पहुंचे तो दोनों की हालत गंभीर थी। घबराए परिजनों ने तत्काल उन्हें अजयगढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें पन्ना जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही श्याम कली ने दम तोड़ दिया, जबकि सागर यादव की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि सागर यादव अपनी चार बहनों का इकलौता भाई था। परिवार ने कुछ साल पहले ही बड़े अरमानों के साथ उसकी शादी की थी। लेकिन अब इस घटना ने परिवार की सारी खुशियां छीन ली हैं।

पुलिस के मुताबिक, सागर और श्याम कली की शादी को करीब तीन वर्ष हुए थे। थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। चूंकि मृतका नवविवाहिता थी, इसलिए पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की बारीकी से पड़ताल कर रही है।

दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है। आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक हंसता-खेलता दंपति इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर हो गया, यह सवाल अब सभी के मन में है। इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगी।

फिलहाल, इस दोहरी मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। जिस घर में कभी खुशियों की गूंज थी, वहां अब सिर्फ मातम और आंसुओं का सन्नाटा पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *