एमपी की बेटी माही लामा का भारतीय टीम में चयन, बॉक्सिंग वर्ल्ड कप 2026 में करेंगी देश का प्रतिनिधित्व

भोपाल। मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभाएं लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में राजधानी भोपाल स्थित मध्यप्रदेश राज्य बॉक्सिंग अकादमी की प्रतिभाशाली मुक्केबाज माही लामा ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। माही लामा का चयन प्रतिष्ठित बॉक्सिंग वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में किया गया है, जिससे प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है।

माही लामा इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 60 किलोग्राम भार वर्ग में भारत की ओर से चुनौती पेश करेंगी। भारतीय टीम में जगह बनाना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता है और माही ने अपने शानदार प्रदर्शन और लगातार मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।

बॉक्सिंग वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 15 जून से 20 जून तक किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए माही लामा भारतीय मुक्केबाजी दल के साथ चीन के लिए रवाना हो चुकी हैं। अब देशभर की निगाहें इस युवा मुक्केबाज पर टिकी हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय रिंग में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

खेल विशेषज्ञों का मानना है कि माही लामा के पास तकनीकी कौशल, आत्मविश्वास और आक्रामक खेल शैली का बेहतरीन संयोजन है। ऐसे में वह न सिर्फ भारत बल्कि मध्यप्रदेश का नाम भी वैश्विक मंच पर रोशन कर सकती हैं।

माही की इस उपलब्धि पर मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश राज्य बॉक्सिंग अकादमी, भोपाल की मुक्केबाज माही लामा का बॉक्सिंग वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में चयन होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माही अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाएं, यही उनकी मंगलकामना है।

माही लामा की यह सफलता प्रदेश के उन हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं। अब सभी को उम्मीद है कि माही वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए पदक जीतकर लौटेंगी और तिरंगे का मान दुनिया भर में ऊंचा करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *