मध्य प्रदेश पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, इंदौर एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत, सीएम मोहन बोले- विकास को मिलेगी नई ऊर्जा

 भोपाल। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने पांच दिवसीय मध्य प्रदेश दौरे पर पहुंच चुकी हैं। गुरुवार सुबह इंदौर एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राष्ट्रपति की अगवानी की। स्वागत के बाद राष्ट्रपति बैतूल के लिए रवाना हो गईं, जहां उनका पहला आधिकारिक कार्यक्रम आयोजित है।

राष्ट्रपति के स्वागत के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मां अहिल्याबाई की नगरी इंदौर में राष्ट्रपति का आगमन पूरे प्रदेश के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का यह दौरा मध्य प्रदेश के विकास, जनकल्याण और सेवा कार्यों को नई दिशा और नई प्रेरणा प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति अपने प्रवास के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगी, जिनमें स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और आध्यात्मिक गतिविधियों से जुड़े आयोजन प्रमुख हैं।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियान में मध्य प्रदेश को बड़ी सफलता मिली है। बालाघाट, मंडला और डिंडोरी जैसे क्षेत्रों में वर्षों से सक्रिय नक्सली नेटवर्क को कमजोर करने में सरकार सफल रही है। इसके साथ ही जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में भी प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि “जल गंगा संवर्धन अभियान” जैसे कार्यक्रमों से जनभागीदारी बढ़ी है और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिली है। वहीं कूनो नेशनल पार्क में चीता पुनर्वास परियोजना की सफलता ने मध्य प्रदेश को देशभर में नई पहचान दिलाई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में औद्योगिक निवेश, चिकित्सा शिक्षा, रोजगार और सिंचाई सुविधाओं में लगातार विस्तार हो रहा है तथा बेरोजगारी दर देश में सबसे कम राज्यों में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित मध्य प्रदेश के लक्ष्य को लेकर लगातार काम कर रही है। प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने इस पांच दिवसीय दौरे के दौरान इंदौर, बैतूल, ओंकारेश्वर, जबलपुर, ग्वालियर और श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क का दौरा करेंगी। आज वे बैतूल में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा आयोजित “एम्पावरमेंट ऑफ ट्राइबल सोसायटी बाय स्पिरिचुअल अवेकनिंग” कार्यक्रम में शामिल होंगी। 19 जून को ओंकारेश्वर में अंतर्राष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के कार्यक्रम में भाग लेंगी।

इसके बाद 20 जून को जबलपुर पहुंचेंगी और 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के साथ रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। 22 जून को राष्ट्रपति कूनो नेशनल Park का भ्रमण करेंगी और फिर ग्वालियर से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रदेश सरकार ने विभिन्न स्थानों पर मंत्रियों को “मिनिस्टर-इन-वेटिंग” की जिम्मेदारी भी सौंपी है। इंदौर में तुलसीराम सिलावट और कैलाश विजयवर्गीय, बैतूल में नरेंद्र शिवाजी पटेल, खंडवा में धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी, जबलपुर में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, रीवा में प्रद्युम्न सिंह तोमर और ग्वालियर में तुलसीराम सिलावट राष्ट्रपति की अगवानी और विदाई की जिम्मेदारी संभालेंगे। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सभी जिलों में सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *