भोपाल। राजधानी भोपाल से लापता हुए 6 वर्षीय मासूम अंश के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कई दिनों से लगातार तलाश में जुटी पुलिस टीमों ने आखिरकार अंश की लोकेशन ट्रेस कर ली है। ताजा जानकारी के मुताबिक मासूम अंश को भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर देखा गया है, जिसके बाद पुलिस की उम्मीदें और तलाश दोनों तेज हो गई हैं।
अंश की लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण फुटेज सामने आए हैं, जिनमें अंश स्टेशन परिसर में अलग-अलग लोगों के साथ दिखाई दे रहा है। अब पुलिस इन वीडियो फुटेज के आधार पर उन लोगों की पहचान करने में जुटी है, जो मासूम के साथ नजर आए हैं।
इस पूरे मामले में शुरुआत से अपहरण की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पुलिस ने अब तक की जांच के आधार पर इस संभावना को खारिज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध फुटेज और जांच के शुरुआती तथ्यों से यह मामला अपहरण का प्रतीत नहीं होता है। हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
अंश की मौजूदगी रेलवे स्टेशन पर मिलने के बाद पुलिस ने पूरे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है। सादे कपड़ों और वर्दी में तैनात पुलिसकर्मी हर संभावित स्थान की तलाशी ले रहे हैं, ताकि बच्चे को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जा सके।
वहीं, इस मामले में पहले संदेह के आधार पर हिरासत में लिए गए मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को भी पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ दिया है। जांच में उसकी किसी प्रकार की संलिप्तता सामने नहीं आई, जिसके चलते उसे रिहा कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि वे अंश तक पहुंचने के बेहद करीब हैं और जल्द ही मासूम को सुरक्षित उसके परिवार के पास पहुंचा दिया जाएगा। इधर परिवार और शहरवासी भी अंश की सकुशल वापसी की उम्मीद में लगातार दुआ कर रहे हैं।

