भाजपा के कार्यक्रम में हाई वोल्टेज ड्रामा, मंच पर भिड़े नेता, एक हफ्ते बाद वायरल हुआ वीडियो

 मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले से राजनीति से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। भाजपा सरकार के 12 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंच पर ही नेताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब करीब एक सप्ताह बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

जानकारी के मुताबिक यह घटना मैहर जिले के ताला मंडल में आयोजित कार्यक्रम की है। 12 जून को हुए इस आयोजन में पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल के भाई विजय पटेल और भाजपा मंडल महामंत्री मनीष चतुर्वेदी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप ले लिया और दोनों के बीच मंच पर ही धक्का-मुक्की और हाथापाई होने लगी।

कार्यक्रम में मौजूद लोग उस समय हैरान रह गए जब नेताओं के बीच यह विवाद सार्वजनिक रूप से सामने आया। खास बात यह रही कि उस वक्त मंच पर सतना से सांसद गणेश सिंह और पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल भी मौजूद थे। वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुए इस घटनाक्रम ने सभी को चौंका दिया।

विवाद के बाद मामला थाने तक पहुंच गया। भाजपा मंडल महामंत्री मनीष चतुर्वेदी अपने समर्थकों और स्थानीय नेताओं के साथ ताला थाने पहुंचे और विजय पटेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। वहीं विजय पटेल ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि मामले को जरूरत से ज्यादा बढ़ाया जा रहा है और यह केवल मामूली धक्का-मुक्की का मामला था।

शुरुआत में यह विवाद ज्यादा चर्चा में नहीं आया, लेकिन अब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला फिर सुर्खियों में आ गया है। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं और पार्टी के भीतर अनुशासन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

एक सप्ताह बाद सामने आए इस वीडियो ने न केवल स्थानीय राजनीति में हलचल मचा दी है, बल्कि विरोधियों को भी सरकार और पार्टी पर निशाना साधने का मौका दे दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि पार्टी नेतृत्व इस पूरे मामले पर क्या कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *