भोपाल। राजधानी भोपाल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां JEE परीक्षा की तैयारी कर रहा एक छात्र अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। छात्र का नाम कृष धाकड़ बताया जा रहा है, जिसकी गुमशुदगी के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है और उसकी तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक कृष धाकड़ पिछले दो वर्षों से भोपाल में रहकर JEE परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पीडब्ल्यू यानी फिजिक्स वाला के माध्यम से पढ़ाई कर रहा था और कोलार रोड स्थित अपने रिश्तेदार के घर में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 3 बजे कृष अचानक घर से बाहर निकल गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वह अपना मोबाइल फोन और अन्य जरूरी सामान घर पर ही छोड़ गया। सुबह जब परिजनों की नजर उस पर नहीं पड़ी तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।
मामले की जानकारी मिलते ही कोलार थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस छात्र की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि उसके बारे में कोई सुराग मिल सके।
फिलहाल परिवार और पुलिस दोनों ही कृष धाकड़ की तलाश में लगे हुए हैं। परिजनों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी छात्र के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि उसे जल्द से जल्द सुरक्षित खोजा जा सके।

