भोपाल। मध्य प्रदेश समेत पूरे देश में NEET की दोबारा परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज हैं। सरकार परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए लगातार व्यवस्थाएं कर रही है। लेकिन इसी बीच कांग्रेस ने पेपर लीक मामले को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाकर सियासी माहौल गर्म कर दिया है।
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने NEET परीक्षा और पेपर लीक मामले को लेकर भाजपा नेताओं पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के नेता खुद पेपर लीक कराते हैं, उससे पैसा कमाते हैं और फिर उसी पैसे का इस्तेमाल खरीद-फरोख्त के लिए करते हैं। पीसी शर्मा ने दावा किया कि इसी पैसे से शिवसेना के छह नेताओं को खरीदा गया था।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से परीक्षा से पहले कराई जा रही मॉकड्रिल से कोई खास फर्क नहीं पड़ने वाला है। कांग्रेस पेपर लीक के खिलाफ लगातार आवाज उठा रही है और इसी कड़ी में ‘गूंज अभियान’ भी चलाया जा रहा है। इस अभियान के जरिए छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं और चिंताओं को समझने की कोशिश की जाएगी।
पीसी शर्मा ने कहा कि लाखों छात्रों का भविष्य इस परीक्षा से जुड़ा हुआ है, इसलिए भगवान से यही प्रार्थना है कि इस बार NEET परीक्षा बिना किसी पेपर लीक और विवाद के संपन्न हो, ताकि छात्रों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वहीं NEET की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित समय-सारणी और सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा। परीक्षा केंद्र में प्रवेश का अंतिम समय दोपहर 1:30 बजे तय किया गया है। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। सामान्य अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक आयोजित होगी, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों के अनुसार 65 मिनट का अतिरिक्त प्रतिपूरक समय दिया जाएगा।
इसके साथ ही अभ्यर्थियों को ड्रेस कोड का भी विशेष ध्यान रखना होगा। हल्के रंग के साधारण कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। मोटे कपड़े, बड़े बटन वाले परिधान, अधिक जेबों वाले कपड़े, आभूषण, घड़ी, बेल्ट और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे में छात्रों को परीक्षा से पहले सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ने और उनका पालन करने की सलाह दी गई है।

