लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजनीति में पीडीए को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा एक कार्यक्रम में PDA के ‘A’ का मतलब आदिवासी बताए जाने के बाद सुभासपा प्रमुख और मंत्री ओपी राजभर ने उन पर तीखा हमला बोला है।
ओपी राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव ने अब अपने PDA की नई व्याख्या पेश की है। उन्होंने कहा कि पहले PDA में ‘A’ का मतलब अल्पसंख्यक और अगड़ा बताया जाता था, लेकिन अब आदिवासी बताया जा रहा है। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें डर है कि कहीं भविष्य में किसी सम्मेलन में PDA के ‘A’ का कोई और मतलब न बता दिया जाए।
राजभर ने आगे आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान कुछ आतंकवाद से जुड़े मामलों में मुकदमे वापस लेने की कोशिश की गई थी। इसी संदर्भ में उन्होंने सपा की राजनीति पर सवाल उठाते हुए तीखी टिप्पणी की और कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के चलते PDA की परिभाषा लगातार बदलती दिखाई दे रही है।
सुभासपा प्रमुख यहीं नहीं रुके। उन्होंने अखिलेश यादव की तुलना फिल्म ‘राजा बाबू’ के किरदार से करते हुए कहा कि जिस तरह फिल्म में मुख्य पात्र अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आता है, उसी तरह अखिलेश यादव भी समय और मंच के हिसाब से अलग-अलग बातें करते दिखाई देते हैं।
राजभर ने कहा कि राजनीति में विचारों की स्पष्टता जरूरी होती है, लेकिन लगातार बदलते बयानों से लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा होती है। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी का दौर तेज हो गया है और PDA को लेकर नई बहस छिड़ गई है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि ओपी राजभर के इस हमले पर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

