भोपाल। राजधानी भोपाल में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक गाड़ी में कथित तौर पर ब्लास्ट का प्रदर्शन किए जाने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और इसे बेहद गंभीर बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं है। उन्होंने दावा किया कि इस तरह की घटनाओं को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने दिल्ली की एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह वहां गाड़ी में विस्फोट हुआ था, उसी तरह का दृश्य यहां भी देखने को मिला। उनके अनुसार, इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए कि आखिर इस तरह का प्रदर्शन किस उद्देश्य से किया गया।
बीजेपी विधायक ने सवाल उठाया कि अगर इस दौरान कोई बड़ा हादसा हो जाता, गाड़ी के हिस्से या अन्य सामग्री लोगों पर गिर जाती और किसी की जान चली जाती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में इस तरह की गतिविधियां लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती हैं।
रामेश्वर शर्मा ने पुलिस से मांग की कि इस मामले में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून यानी रासुका के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही यदि जांच में पर्याप्त आधार मिलते हैं, तो संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जांच में यह पता लगाया जाना चाहिए कि कथित ब्लास्ट के प्रदर्शन में इस्तेमाल की गई सामग्री कहां से आई और इसके पीछे क्या मंशा थी।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस विधायक निर्मला सप्रे के भाजपा में शामिल होने और उनकी सदस्यता को लेकर चल रहे विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह मामला फिलहाल विधानसभा के विचाराधीन है और अंतिम निर्णय विधानसभा अध्यक्ष ही करेंगे। उन्होंने कहा कि जो नियम पहले से लागू हैं, उन्हीं के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

