योगी और केजरीवाल में जुबानी जंग तेज! ‘आपको हटाने की साजिश हो रही है’, केजरीवाल ने सीएम योगी से मांगा साथ

उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। देवरिया दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के विकास का जिक्र करते हुए अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। इसके कुछ ही देर बाद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पलटवार करते हुए योगी आदित्यनाथ से उनका साथ देने की अपील की और बड़ा दावा किया।

अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि, “महाराज जी, आप चंदा चोरों का साथ क्यों दे रहे हैं? ये लोग आपको भी हटाने की साजिश कर रहे हैं। आपकी कुर्सी भी नहीं छोड़ेंगे। भगवान राम के घर हुई कथित महाडकैती के दोषियों के खिलाफ मेरी लड़ाई में मेरा साथ दीजिए और इस महापाप का हिस्सा मत बनिए।”

दरअसल, देवरिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिना नाम लिए अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि दिल्ली से एक नेता आज अयोध्या आए हैं। दिल्ली की जनता ने उन्हें 15 साल तक मौका दिया, लेकिन उन्होंने राजधानी को विकास नहीं बल्कि भ्रष्टाचार और बदहाली दी। योगी ने कहा कि अयोध्या में डबल इंजन सरकार ने जिस तरह विकास किया है, उसे देखकर उन्हें आत्ममंथन करना चाहिए। अगर दिल्ली में भी इसी तरह काम हुआ होता तो राजधानी भी आज अयोध्या की तरह चमक रही होती।

मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में अयोध्या के विकास कार्यों का भी विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या फोरलेन सड़कों, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो चुकी है। उन्होंने बताया कि अयोध्या धाम में निषादराज के नाम पर यात्री विश्रामालय बनाया गया है, माता शबरी के नाम पर रसोई तैयार की जा रही है और महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का निर्माण किया गया है। योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार आस्था और विकास दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।

अब योगी आदित्यनाथ और अरविंद केजरीवाल के बीच यह बयानबाजी राजनीतिक बहस का नया मुद्दा बन गई है। दोनों नेताओं के तीखे आरोप-प्रत्यारोप के बीच आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासत और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *