वाराणसी में गूंजा ‘सोमनाथ संकल्प महोत्सव’, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और CM योगी हुए शामिल, सनातन संस्कृति और स्वाभिमान का दिखा भव्य संगम

वाराणसी. वाराणसी में सोमवार को संस्कृति, स्वाभिमान और सनातन चेतना का भव्य संगम देखने को मिला, जब राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत आयोजित ‘सोमनाथ संकल्प महोत्सव’ में शामिल हुए। कार्यक्रम में आध्यात्मिक ऊर्जा, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्र चेतना का विशेष माहौल देखने को मिला।

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारतीय सांस्कृतिक चेतना, आध्यात्मिक परंपरा और राष्ट्रीय आत्मगौरव के पुनर्जागरण का शंखनाद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति से जुड़े पवित्र तीर्थस्थल एक बार फिर अपने प्राचीन वैभव को प्राप्त कर रहे हैं।

दरअसल 11 मई 1951 को स्वतंत्र भारत में नए स्वरूप में बने सोमनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ मनाया जा रहा है। इसके साथ ही इतिहास के उस दर्दनाक अध्याय को भी याद किया जा रहा है, जब वर्ष 1026 में महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर पर हमला कर उसे ध्वस्त कर दिया था। उस घटना के एक हजार वर्ष पूरे होने पर भी विशेष आयोजन किए जा रहे हैं।

इधर गुजरात में आयोजित ‘सोमनाथ अमृत पर्व-2026’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हिस्सा लिया। पीएम मोदी ने 11 पवित्र तीर्थों के जल से महापूजा की और मंदिर के शिखर का अभिषेक किया। करीब 90 मीटर ऊंची क्रेन की मदद से हुए इस अभिषेक का दृश्य बेहद भव्य नजर आया।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण टीम ने मंदिर के ऊपर शानदार एरोबेटिक शो किया, जबकि चेतक हेलिकॉप्टर से मंदिर परिसर पर पुष्प वर्षा की गई। पूरे सोमनाथ मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया था और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *