दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर किए गए एक कथित आपत्तिजनक कमेंट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले के सामने आने के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए हटा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के नीचे ‘शादाब’ नाम की एक कथित आईडी से ऐसा कमेंट किया गया, जिसे शिकायतकर्ताओं ने धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया। कमेंट सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि यह टिप्पणी जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की मंशा से की गई है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
वहीं पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि संबंधित सोशल मीडिया प्रोफाइल और कमेंट की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

