राजधानी भोपाल में डबल मर्डर से सनसनी, बुजुर्ग दंपति की मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटीं पुलिस की 5 टीमें

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सामने आए बुजुर्ग दंपति की संदिग्ध मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है। ऐशबाग थाना क्षेत्र के सुदामा नगर स्थित एक घर में पति-पत्नी के शव एक ही कमरे से बरामद होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की पांच विशेष टीमें गठित की गई हैं, जबकि क्राइम ब्रांच को भी जांच में शामिल किया गया है।

पुलिस के मुताबिक घटना वाले दिन चार राउंड फायरिंग होने के संकेत मिले हैं। शुरुआती जांच में महिला शकुंतला बारीक के सिर पर दो गोलियां लगने की पुष्टि हुई है, जबकि उनके पति हेमंत बारीक के शरीर पर एक गोली का निशान मिला है। हालांकि चौथी गोली का कारतूस अब तक बरामद नहीं हो सका है, जिससे जांच और भी पेचीदा हो गई है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।

जानकारी के अनुसार हेमंत बारीक और शकुंतला बारीक घर में अकेले रहते थे। कई दिनों तक दोनों के बाहर नहीं निकलने पर किसी को शक नहीं हुआ। मामले का खुलासा तब हुआ जब किराएदार किराया देने पहुंचा और घर के भीतर दोनों के शव पड़े मिले। पुलिस का अनुमान है कि दोनों की मौत करीब चार से पांच दिन पहले हुई थी, जिसके कारण शव काफी हद तक सड़ चुके थे।

प्रारंभिक जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि हेमंत बारीक ने पहले अपनी पत्नी को गोली मारी और उसके बाद खुद को गोली मार ली। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

परिजनों ने पुलिस को बताया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। वहीं दोनों की कोई संतान भी नहीं थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों के आधार पर पुलिस इस रहस्यमयी मौत की सच्चाई सामने लाने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *