समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने राम मंदिर के कथित चढ़ावा विवाद को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचीं डिंपल यादव ने कहा कि अब यह साफ हो चुका है कि चंदे में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान के नाम पर चढ़ाए गए पैसे की कथित चोरी बेहद गंभीर मामला है और यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर बड़ा कलंक है। डिंपल ने कहा कि भाजपा के बड़े नेता इसलिए इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं ताकि लोगों के दिमाग में इस कथित चंदा चोरी की बात न पहुंचे। उन्होंने मांग की कि मामले में जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर समाजवादी पार्टी लगातार भाजपा सरकार को घेर रही है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि अगर उनकी सरकार बनती है तो अयोध्या का गौरव फिर से स्थापित किया जाएगा। अखिलेश का कहना है कि अयोध्या को ऐसी धार्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को सच्ची आध्यात्मिक अनुभूति मिल सके।
इधर राम मंदिर और अयोध्या को लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल के अयोध्या दौरे को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में वीआईपी संस्कृति अपनाई जा रही है। अजय राय ने कहा कि भगवान राम सबके हैं, फिर नेताओं और आम श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग नियम क्यों बनाए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अजय राय ने लिखा कि अरविंद केजरीवाल को विशेष सुविधाएं और कैमरों के साथ प्रवेश मिलता है, जबकि कांग्रेस नेताओं और आम श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्था रहती है। उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल पूछा कि आस्था के केंद्र पर यह दोहरी नीति आखिर क्यों अपनाई जा रही है। उनके मुताबिक धार्मिक स्थलों पर किसी भी तरह का वीआईपी भेदभाव उचित नहीं है और सभी श्रद्धालुओं के लिए समान व्यवस्था होनी चाहिए।

