किस्मत का चमका सितारा! 2 साल पहले मिला था 93 लाख का हीरा, अब उसी आदिवासी परिवार के हाथ लगा 30 लाख का एक और बेशकीमती हीरा

 पन्ना। कहते हैं किस्मत जब मेहरबान होती है तो जिंदगी बदलने में देर नहीं लगती। मध्य प्रदेश के पन्ना में एक आदिवासी परिवार की किस्मत दूसरी बार चमकी है। दो साल पहले 93 लाख रुपये का हीरा मिलने के बाद अब उसी परिवार को करीब 30 लाख रुपये कीमत का एक और हीरा मिला है, जिससे पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है।

यह हीरा पन्ना के अहिरगवां क्षेत्र की एक निजी खदान से मिला है। 11.19 कैरेट का यह हीरा जेम्स क्वालिटी का बताया जा रहा है और इसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। हीरा मिलते ही परिवार ने उसे पन्ना के हीरा कार्यालय में जमा करा दिया, जहां से अब इसे शासकीय नीलामी में रखा जाएगा।

परिवार के सदस्य राकेश गौड़ ने इसी साल अप्रैल में खदान का सरकारी पट्टा लिया था। इसके बाद उन्होंने अपने भाइयों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर लगातार करीब दो महीने तक मेहनत की। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और खदान से यह बेशकीमती हीरा निकल आया।

दिलचस्प बात यह है कि यह परिवार पहले भी अपनी किस्मत के दम पर सुर्खियों में आ चुका है। साल 2024 में इसी परिवार को 19.22 कैरेट का एक बड़ा हीरा मिला था, जिसकी सरकारी नीलामी में 93 लाख रुपये की रिकॉर्ड बोली लगी थी।

इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद भी परिवार ने मेहनत का साथ नहीं छोड़ा। उन्होंने दोबारा खदान में काम शुरू किया और अब एक बार फिर उनकी झोली में कीमती हीरा आ गिरा।

राकेश गौड़ का कहना है कि यह सब भगवान की कृपा और उनकी मेहनत का फल है। उन्होंने बताया कि इस बार मिलने वाली रकम का इस्तेमाल नई खदान लगाने, काम का विस्तार करने और परिवार की जिंदगी बेहतर बनाने में किया जाएगा। अब एक बार फिर पन्ना की धरती ने साबित कर दिया है कि यहां मेहनत और किस्मत का साथ मिल जाए तो पत्थरों के बीच भी करोड़ों की उम्मीद छिपी होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *