मोदी कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं तेज! मध्य प्रदेश से एक और सांसद बन सकते हैं केंद्रीय मंत्री, तरुण चुघ का नाम सबसे आगे

भोपाल। देश की राजनीति में इन दिनों मोदी मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि मध्य प्रदेश के हिस्से से एक और सांसद को केंद्र सरकार में मंत्री बनाया जा सकता है। इस रेस में सबसे आगे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और हाल ही में मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद बने तरुण चुघ का नाम बताया जा रहा है।

तरुण चुघ भाजपा संगठन के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और पंजाब की राजनीति में पार्टी का एक मजबूत चेहरा माने जाते हैं। हाल ही में उन्हें मध्य प्रदेश के कोटे से राज्यसभा भेजा गया था। अब चर्चा है कि संगठन में उनके लंबे अनुभव और राजनीतिक भूमिका को देखते हुए उन्हें मोदी कैबिनेट में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

अगर यह फैसला होता है तो केंद्र सरकार में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व और मजबूत हो जाएगा। फिलहाल राज्य से छह सांसद केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हैं। इनमें केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार खटीक, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उईके और सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री एल. मुरुगन शामिल हैं।

इससे पहले भाजपा ने केरल के वरिष्ठ नेता जॉर्ज कुरियन को भी मध्य प्रदेश के कोटे से राज्यसभा भेजकर केंद्र सरकार में राज्य मंत्री बनाया था। अब तरुण चुघ का नाम सामने आने से राजनीतिक चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की सभी 29 सीटों पर भाजपा की जीत का असर केंद्र की राजनीति में भी दिखाई दे रहा है। यही वजह है कि राज्य को लगातार केंद्रीय मंत्रिमंडल में मजबूत प्रतिनिधित्व मिल रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि संभावित कैबिनेट विस्तार में क्या मध्य प्रदेश के खाते में एक और मंत्री जुड़ता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *