उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी विकास सौगात दी है। केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने बरखेड़ा और बीसलपुर विधानसभा क्षेत्रों में 569 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्वी पाकिस्तान से विस्थापित परिवारों को भूमि और नागरिकता के प्रमाण-पत्र भी सौंपे। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और प्रमाण-पत्र वितरित किए।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार गांव, गरीब, किसान, नौजवान और मातृशक्ति समेत समाज के हर वर्ग के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ा रही है ताकि प्रदेश के हर क्षेत्र तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश का विभाजन कांग्रेस की सत्ता की राजनीति का परिणाम था। यदि उस समय सही निर्णय लिए गए होते तो लाखों लोगों को अपनी पैतृक भूमि छोड़ने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाजन के बाद भारत आए शरणार्थियों की कांग्रेस ने कभी सुध नहीं ली।
मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि पीलीभीत में 569 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। साथ ही पूर्वी पाकिस्तान से विस्थापित परिवारों को भूमि और नागरिकता के प्रमाण-पत्र तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि और प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है और सरकार का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

