शहडोल। शहडोल के पूर्व ट्रैफिक हेड कांस्टेबल विवेकानंद तिवारी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर करीब 60 लाख यानी 6 मिलियन फॉलोअर्स रखने वाले विवेकानंद तिवारी पुलिस विभाग से निलंबन और बाद में इस्तीफा देने के बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार सक्रिय हैं। अब वे बिना वर्दी के लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए वीडियो बना रहे हैं।
हाल ही में उनका एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्होंने महज एक मिनट के भीतर सड़क पर हो रही 20 से ज्यादा गंभीर लापरवाहियों को कैमरे में कैद किया है। वीडियो में मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना हेलमेट बाइक चलाना, एक बाइक पर तीन लोगों का सफर और नाबालिग द्वारा वाहन चलाने जैसी कई तस्वीरें दिखाई गई हैं।
विवेकानंद तिवारी ने यह वीडियो शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र स्थित लोहिया चौक पर बनाया। उनका कहना है कि सड़क हादसों की सबसे बड़ी वजह नियमों की लगातार अनदेखी है। उन्होंने अपने वीडियो के जरिए न सिर्फ लोगों की लापरवाही दिखाई, बल्कि यातायात व्यवस्था की कमियों की ओर भी ध्यान दिलाने की कोशिश की।
वीडियो में कई दोपहिया चालक बिना हेलमेट नजर आते हैं, कुछ लोग गलत दिशा में वाहन चलाते दिखते हैं, जबकि एक नाबालिग तेज रफ्तार में बाइक चलाता दिखाई देता है। विवेकानंद तिवारी ने इसे भारत की वास्तविक ट्रैफिक तस्वीर बताते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर होने की अपील की है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले पुलिस विभाग ने उन्हें लंबे समय तक ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और सेवा नियमों के उल्लंघन के आरोप में निलंबित कर दिया था। विभागीय जांच में यह भी सामने आया था कि अनुपस्थिति के दौरान वह सोशल मीडिया पर लगातार वीडियो और रील्स पोस्ट कर रहे थे, जिसे सेवा नियमों का उल्लंघन माना गया।
निलंबन के बाद विवेकानंद तिवारी ने अपनी सफाई में मेडिकल दस्तावेज और इलाज से जुड़े रिकॉर्ड भी सार्वजनिक किए थे। उनका कहना था कि उन्होंने समय रहते अधिकारियों को अपनी बीमारी की जानकारी दी थी और मेडिकल रिपोर्ट भी साझा की थी। बाद में उन्होंने यह कहते हुए स्वेच्छा से इस्तीफा दे दिया कि निलंबन से उनकी छवि प्रभावित हुई है।
अब पुलिस विभाग से अलग होने के बाद भी विवेकानंद तिवारी सड़क सुरक्षा अभियान में पहले से ज्यादा सक्रिय नजर आ रहे हैं। वे लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, जागरूकता अभियान चला रहे हैं और अपने वीडियो के जरिए ट्रैफिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लगातार सामने ला रहे हैं। उनका नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और सड़क सुरक्षा को लेकर नई चर्चा छेड़ रहा है।

