राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के उपलक्ष्य में गौरव नगर में हुआ आयोजन
भोपाल, 2 जुलाई 2026। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के उपलक्ष्य में मानसरोवर आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर के काय चिकित्सा एवं शालाक्य तंत्र विभाग द्वारा गौरव नगर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान एनसीआईएसएम के नवीन पाठ्यक्रम के अंतर्गत बैच 2022-23 के विद्यार्थियों ने घर घर जाकर नागरिकों से संवाद स्थापित किया तथा संक्रमण, ज्वर के कारण, लक्षण, बचाव के उपायों, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए भी लोगों को जागरूक किया।

शिविर का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनुराग सिंह राजपूत के संरक्षण एवं वरिष्ठ प्राध्यापकों डॉ. एन. के. प्रसाद, डॉ. अनिल शुक्ला तथा डॉ. सौरभ मेहता के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर का प्रमुख उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना, संक्रामक रोगों की रोकथाम हेतु जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना तथा विद्यार्थियों में सामुदायिक स्वास्थ्य सेवा एवं जनस्वास्थ्य के प्रति उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना है। मुख्य चिकित्सक डॉ. प्रेरणा तिवारी, डॉ. राजेंद्र सिंह पटेल एवं डॉ. नितेश कुमार कसेर ने शिविर में सेवाएं प्रदान की। सहायक चिकित्सकों के रूप में डॉ. भाव्या सिंह राणा एवं डॉ. डेलेद्र बिसेन ने सक्रिय सहभागिता निभाई। शिविर के सफल संचालन में इंटर्न धीर जैन, कोमल बारस्कर, माहीन निशा, युगल पाटिल आदि का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 81 की पार्षद श्रीमती बबीता डोंगरे का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर औषधियाँ वितरित की गईं। शिविर में 200 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।


