15 जुलाई तक MP के 70 सांदीपनि विद्यालयों का होगा लोकार्पण, CM बोले- शिक्षा का बनेगा महाउत्सव, गुरु पूर्णिमा पर दिखेगा AI का दम

मध्य प्रदेश के स्कूली शिक्षा क्षेत्र के लिए बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश में पूरी तरह तैयार हो चुके 70 सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण 15 जुलाई तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यह सिर्फ उद्घाटन कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि शिक्षा, संस्कृति और जनभागीदारी का एक बड़ा उत्सव बनेगा।

मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘स्कूल चलें अभियान’ के तहत होने वाले इन कार्यक्रमों को बच्चों के लिए यादगार बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि लोकार्पण समारोह के दौरान स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएं, ताकि बच्चों में उत्साह का माहौल बने।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कार्यक्रम के दिन सभी विद्यार्थियों को स्वल्पाहार और मिठाई वितरित की जाएगी। जिन सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण पहले ही हो चुका है, वहां भी प्रवेशोत्सव पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को सरकारी स्कूलों से जोड़ा जा सके।

बैठक में मुख्यमंत्री ने 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विशेष आयोजन की रूपरेखा भी तय की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रत्येक जिले के एक सांदीपनि विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की जाए, जहां आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई आधारित प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र होंगी। इस अवसर पर उत्कृष्ट शिक्षकों और मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया जाएगा।

बैठक में स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. संजय गोयल ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि प्रदेश में कुल 70 सांदीपनि विद्यालय पूरी तरह तैयार हो चुके हैं। इनमें 46 विद्यालय स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत हैं, जबकि 24 विद्यालय जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों का लोकार्पण संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्रियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इन सभी सांदीपनि विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं, उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और संस्कारयुक्त वातावरण से लैस आदर्श शिक्षण संस्थानों के रूप में विकसित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *