भोपाल में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी पर एलन समेत 6 कोचिंग संस्थान सील

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले कोचिंग संस्थानों पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम की टीम ने लालघाटी स्थित एलन इंस्टीट्यूट समेत कुल 6 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि बार-बार चेतावनी और नोटिस देने के बावजूद इन संस्थानों ने सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर नहीं किया।

नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, सभी संबंधित संस्थानों को 25 जून 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में अग्नि सुरक्षा से जुड़ी कमियों को जल्द से जल्द सुधारने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी नहीं की गईं, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई का फैसला लिया।

कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और सबसे पहले सभी भवनों को खाली कराया। इसके बाद सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के चलते संस्थानों को सील कर दिया गया।

नगर निगम की इस कार्रवाई में लालघाटी स्थित एलन इंस्टीट्यूट के अलावा इंद्रपुरी के गोयल टॉवर में संचालित अय्यूब खान कोचिंग, श्रेयांश कोचिंग, कीर्तिमान अकादमी, एब्सिल्यूट इंस्टीट्यूट और एनआईआईडीपी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट को भी सील किया गया।

नगर निगम का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। जिन संस्थानों में फायर सेफ्टी के नियमों का पालन नहीं होगा, उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *