भोपाल में फर्जी अटेंडेंस लगाने वाले डॉक्टरों पर बड़ा एक्शन, CMHO ने काटा वेतन, थमाए नोटिस

राजधानी भोपाल के स्वास्थ्य विभाग में फर्जी अटेंडेंस का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। ड्यूटी पर मौजूद रहे बिना मोबाइल ऐप के जरिए उपस्थिति दर्ज करने वाले डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी यानी सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।

जांच में सामने आया कि कुछ डॉक्टर और कर्मचारी अस्पताल पहुंचे बिना ही लगभग 10 किलोमीटर दूर से ‘सार्थक ऐप’ के जरिए अपनी उपस्थिति दर्ज कर रहे थे। इतना ही नहीं, डिजिटल रिकॉर्ड की जांच में यह भी पता चला कि कई मामलों में ड्यूटी पूरी होने के बाद कर्मचारियों ने ऐप पर ‘चेक-आउट’ भी नहीं किया था, जिससे पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।

मामले की पुष्टि होने के बाद सीएमएचओ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो डॉक्टरों और एक अन्य कर्मचारी के खिलाफ वेतन कटौती के आदेश जारी किए। शुरुआती जांच के आधार पर 15 दिन का वेतन काटने का फैसला लिया गया था, लेकिन विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद दोनों डॉक्टरों का पूरे एक महीने का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। वहीं, संबंधित कर्मचारी के खिलाफ भी वेतन कटौती की कार्रवाई की गई है।

विभाग ने आर्थिक दंड के साथ-साथ सभी संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। उनसे जवाब मांगा गया है कि नियमों के उल्लंघन और फर्जी अटेंडेंस दर्ज करने पर उनके खिलाफ आगे अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सरकारी सेवाओं में लापरवाही और फर्जी उपस्थिति किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी इस तरह की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *