सागर। मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है। जिला पंचायत सदस्य और युवा लोधी समाज के प्रदेश अध्यक्ष सर्वजीत सिंह को बांदरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी के बाद प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल खुलकर सामने आए हैं और उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए सागर पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की है।
बताया जा रहा है कि सर्वजीत सिंह को मंत्री प्रह्लाद पटेल का करीबी समर्थक माना जाता है। उनकी गिरफ्तारी के बाद मंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को टैग करते हुए फेसबुक पर पोस्ट लिखी और सागर पुलिस की कार्रवाई की आलोचना की।
दरअसल, यह मामला करीब दो साल पुराना है। आरोप है कि खुरई विधानसभा क्षेत्र के बांदरी कस्बे में स्थित एक ढाबे पर सर्वजीत सिंह अपने साथियों के साथ पहुंचे थे, जहां तोड़फोड़, मारपीट और फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में उसी समय पुलिस ने केस दर्ज किया था, लेकिन लंबे समय तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई।
अब अचानक इसी पुराने मामले में पुलिस ने सर्वजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए।
इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की राजनीति गर्मा गई है। मंत्री प्रह्लाद पटेल ने सागर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अपनी नाराजगी सार्वजनिक की है। फिलहाल इस मामले को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन मंत्री की टिप्पणी के बाद यह मामला अब राजनीतिक चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।

