भोपाल/शिवपुरी। मध्य प्रदेश के लिए 5 जुलाई का दिन ऐतिहासिक बन गया। शिवपुरी अब देश की रक्षा शक्ति का नया केंद्र बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिवपुरी में 2,500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का शिलान्यास किया। इस परियोजना के शुरू होने के बाद यहां अत्याधुनिक मिसाइलों और रक्षा उपकरणों का निर्माण होगा, जो देश की सुरक्षा को नई मजबूती देंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अडाणी समूह के करण अडाणी और जीत अडाणी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 211 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया, साथ ही कई हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी वितरित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज चंबल की धरती पर इतिहास लिखा जा रहा है। यह क्षेत्र हमेशा से वीर सैनिकों और देशभक्तों की भूमि रहा है। यहां के जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च योगदान दिया है और अब यही धरती भारत की रक्षा के लिए आधुनिक मिसाइलें भी तैयार करेगी।
उन्होंने कहा कि शिवपुरी से बनने वाली मिसाइलें लंबी दूरी तक दुश्मनों को जवाब देने में सक्षम होंगी और भारत की सैन्य ताकत को नई ऊंचाई देंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ एक उद्योग नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम है।
मुख्यमंत्री ने गुजरात का उदाहरण देते हुए कहा कि देश के विकास में गुजरात ने हमेशा नई मिसालें कायम की हैं और अब मध्य प्रदेश भी उसी राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिवपुरी का यह डिफेंस प्रोजेक्ट पूरे प्रदेश की पहचान बदल देगा।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस परियोजना से करीब 5 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि हाल ही में गुना में सीमेंट फैक्ट्री शुरू हुई है, माधव नेशनल पार्क पर्यटन का बड़ा केंद्र बन रहा है और अब शिवपुरी में डिफेंस इंडस्ट्री की शुरुआत पूरे ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के विकास को नई गति देगी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का उदाहरण देते हुए कहा कि सच्ची मित्रता और सेवा का भाव समाज को आगे बढ़ाता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गुरु सांदीपनि के नाम पर आधुनिक विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं, जहां बच्चों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिवपुरी जिले के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि शिवपुरी को नेशनल हाईवे से जोड़ने के लिए 120 करोड़ रुपये की लागत से 14 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी यूनिट शुरू होगी, खोड़ में नया कला, वाणिज्य और विज्ञान कॉलेज खुलेगा, शिवपुरी में नई सुभाषपुरा तहसील बनाई जाएगी, पिछोर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित होगा, करेगा-भितरवार रोड से समोहा डैम तक नई सड़क बनेगी, खनियाधाना में कृषि उपज मंडी स्थापित की जाएगी, ग्राम पंचायत खतौरा में सांदीपनि विद्यालय खोला जाएगा और शिवपुरी में 200 बिस्तरों का आधुनिक मातृ-शिशु अस्पताल भी बनाया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी आज राष्ट्र निर्माण के नए अध्याय का साक्षी बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का सपना तेजी से साकार हो रहा है और शिवपुरी अब देश की रक्षा उत्पादन श्रृंखला का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
अडाणी समूह की ओर से जीत अडाणी ने कहा कि शिवपुरी में बनने वाली यह यूनिट मिशन-रेडी मिसाइलों के निर्माण का केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है और समूह का यह निवेश केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता, युवाओं और उनके उज्ज्वल भविष्य में निवेश है। इस परियोजना से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा और शिवपुरी देश के रक्षा उद्योग के मानचित्र पर एक नई पहचान बनाएगा।

