भोपाल। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मध्य प्रदेश दौरे ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। ओंकारेश्वर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उन पर तीखा निशाना साधा है।
दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के लिए भगवान ओंकारेश्वर से सद्बुद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने लिखा कि हे ओंकारेश्वर के शंकर भोले बाबा, भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त को ऐसी सद्बुद्धि दें कि उनकी कथनी और करनी में कोई अंतर न रहे। उन्होंने कहा कि भारत में मजबूत लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष चुनाव सबसे जरूरी हैं।
अपने पोस्ट में दिग्विजय सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त के अब तक के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक उनका ट्रैक रिकॉर्ड भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में दिखाई देता रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली लौटने के बाद भी उनके काम करने के तरीके में बदलाव नहीं आया, तो उसके लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।
दिग्विजय सिंह ने अपने बयान के अंत में धार्मिक संदर्भ देते हुए लिखा कि भगवान शंकर असत्य बोलने वालों को कभी माफ नहीं करते। उन्होंने “बम-बम भोले” के साथ अपनी बात समाप्त की।
मुख्य चुनाव आयुक्त के ओंकारेश्वर दौरे के बाद आया यह बयान अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, दिग्विजय सिंह के आरोपों पर चुनाव आयोग या मुख्य चुनाव आयुक्त की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

